Sunday, November 1, 2009

इलाहाबाद का फेफ़ड़ा... जहाँ साँसें ताजा होती हैं!

 

संगोष्ठी स्मृति भेंटबहुत दिनों बाद आज छुट्टी टाइप मूड के साथ बिस्तर छोड़ने को मिला। जगने के बाद तुरन्त कोई जरूरी काम नहीं था। सिविल सर्विसेज की मुख्य परीक्षा के सिलसिले में कोषागार के द्वितालक दृढ़कक्ष (double-lock strong-room) को सुबह -सुबह खोलने की जिम्मेदारी भी आज नहीं निभानी थी। आज कोई पेपर नहीं था। इधर ब्लॉगरी में भी कोई नयी बात होती देखने की उत्सुकता नहीं थी। गंगा जी का पानी शान्त होकर अब अघोरी के किस्से कहने लगा है। ब्लॉगर संगोष्ठी की स्मृतियाँ ही बची हैं।

बिस्तर पर ही मुझे सूचना मिली कि मेरा परिवार मेरी भली पड़ोसन (प्रशिक्षु आई.ए.एस.) के साथ उनकी गाड़ी से ही सभी बच्चों समेत सुबह की ठण्डी हवा खाने पार्क में जा रहा है। मैने करवट बदलकर ‘ओके’ कहा और नींद की एक बोनस किश्त के जुगाड़ में पड़ गया। ....लेकिन कुछ देर बाद ही काम वाली के खटर-पटर से जागना पड़ा। सूने घर में अकेले पड़े बोर होने से अच्छा था कि मैं भी उधर ही निकल लूँ जहाँ बच्चे गये थे। स्कूटर से अल्फ्रेड पार्क जाने में पाँच मिनट लगे।

यह वही पार्क है जिसमें चन्द्र शेखर आजाद (को अंग्रेजो ने मार डाला था।)  को जब अंग्रेजों ने घेर लिया तो उन्होंने खुद को गोली मार ली और मरते दम तक आजाद रहे। २७ फरवरी, १९३१ को जब वे इस पार्क में सुखदेव के साथ किसी चर्चा में व्यस्त थे तो किसी मुखवीर की सूचना पर पुलिस ने उन्हें घेर लिया। इसी मुठभेड़ में आज़ाद शहीद हुए। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद इसका नाम अब ‘चन्द्रशेखर आज़ाद राजकीय उद्यान’ कर दिया गया है।

ताकि भटक न जायें इलाहाबाद विश्वविद्यालय से दक्षिण जी.टी.रोड से लगे हुए करीब १८३ एकड़ क्षेत्र पर फैले इस विशाल परिसर में अंग्रेजों के जमाने से स्थापित अनेक संस्थाएं आज भी अपने गौरव और ऐतिहासिकता के कारण बाहरी पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। इसी परिसर में इलाहाबाद संग्रहालय है, अल्फ्रेड पब्लिक लाइब्रेरी है, हिन्दुस्तानी एकेडेमी है, और मदन मोहन मालवीय स्पोर्ट्स स्टेडियम भी है। इसी परिसर में उद्यान विभाग द्वारा संचालित दो पौधशालाएं हैं जो आम, अमरुद, आँवला और सजावटी फूलों के पौधे बहुत कम कीमत पर उपलब्ध कराती हैं। परिसर में कहाँ क्या है...

बहुत से औषधीय पौधे भी इस परिसर में यत्र-तत्र बिखरे हुए मिल जाते हैं। हाल ही में ‘भैया दूज’ के दिन श्रीमती जी ने ताना मारा कि इलाहाबाद आने के बाद लगता है आप गोधन कूटने और भाई को सरापने का पारम्परिक अनुष्ठान छुड़वा ही देंगे। ललकारे जाने पर ताव में आकर मैंने भजकटया, झड़बेरी, बरियार और चिचिड़ा (लटजीरा) सब का सब जुटाकर रख दिया था। गोबर्धन पूजा में लगने वाली ये कटीली झाड़ियाँ मैं यहीं से खोज कर लाया था। मेरी इज्जत रख ली इस उद्यान ने।

सुबह-सुबह नारियल पानी...शहर के बीचोबीच बसे इस हरे-भरे उद्यान में दूर-दूर से आकर टहलने, ताजी हवा खाने, व्यायाम करने, दोस्तों-यारों के साथ मधुर क्षण गुजारने और पिकनिक मनाने वालों की अच्छी भीड़ लगी रहती है। पार्क बन्द होने का समय रात ९:०० बजे से सुबह ४:०० बजे तक का ही है। शेष समय यहाँ कोई न कोई  लाभार्थी मौजूद ही रहता है।

सुबह पहुँचा तो गेट पर नारियल पानी वाला मिला, “इतनी सुबह कौन तुम्हारा ग्राहक होता है जी?”

“दिन भर लगाता हूँ जी, कोई न कोई इस समय भी आ जाता है।” फ्रूट सलाद और बहुत कुछ

सामने की ओर केला, पपीता, सेब, खीरा, ककड़ी, अंकुरित चना, मूली, इत्यादि का सलाद बनाकर बेचने वाले ठेले लगे हुए थे। जूस का खोमचा भी दिखा।  भीतर घुसते ही नीम, पीपल, पाकड़ और अन्य बड़े-बड़े पेड़ों की छाँव में खड़ी कारों, जीपों और दुपहिया वाहनों की कतार बता रही थी अन्दर बहुत से साहब और सेठ लोग भी हैं। दिनभर शहर के प्रदूषण में इजाफ़ा करने वाली गाड़ियाँ यहाँ हरियाली के बीच मानो खुद को रिफ़्रेश कर रही थीं।हरी ताजगी लेती गाड़ियाँ

मुझे अपने बच्चों को ढूँढने में देर नहीं लगी थी। चादर बिछाकर योगासन करती मम्मी लोग के पास बैठे बच्चे बोर हो रहे थे। मैने उन तीनो को साथ लिया और पार्क का चक्कर लगाने निकल पड़ा। शरदकालीन फूलों का खिलना अभी शुरू नहीं हुआ है। क्यारियाँ तैयार की जा रही हैं। कुछ जगह तो अभी जुताई ही हुई है। लेकिन सदाबहार किस्म के फूल बदस्तूर मुस्कराते मिले। उनकी मुस्कराहटों के बीच करीब पौने तीन किलोमीटर के पैदल परिक्रमा पथ पर टहलने के बाद सुस्ताते हुए अनेक बुजुर्ग, जवान, औरतें और बच्चे मिले। झाड़ि्यों की झुरमुट के पीछे और घने पेड़ों के नीचे लगी बेन्चों पर बैठे लड़के-लड़कियाँ भी मिले।

 हम यहाँ बोर होने नहीं आये हैं..!

रविवार का लाभ उठाते हुए कुछ साप्ताहिक सैर करने वाले परिवार भी मिले। हमने अपने बच्चों की फोटुएं उतारी। वागीशा और सत्यार्थ के साथ पड़ोस की कीर्तिचन्द्रा भी अपनी मम्मी को छोड़कर तोप पर सवारी करती हुई तस्वीर खिंचाने में खुश हो रही थी। मास्टर सत्यार्थ ने जरूर अपने उत्साह पर हावी होते डर को प्रकत करने के लिए कुछ क्षण के लिए मुँह रुआँसा कर लिया। लेकिन कैमरे का फ्लैश बड़ों बड़ों से ऐक्टिंग करा देता है तो वह कैसे बच जाता।

पार्क में एक सफेद रंग की गुम्बजाकार इमारत मिली जिसके केन्द्र में एक ऊँचा चबूतरा था। पता चला कि इस चबूतरे पर किसी जमाने में महारानी विक्टोरिया की बड़ी सी प्रतिमा विराजमान थी। पार्क के बीचोबीच जो बड़ा सा घेरा बना है उसके चारो ओर लगी बेंचों पर बैठकर अंग्रेज बहादुर लोग अपनी-अपनी मेमों के साथ सुबह-शाम हवा खाते थे। घेरे के बीच में जो गोल चबूतरा है उसपर बैंडसमूह पाश्चात्य संगीत बजाते थे। अभी भी उस चबूतरे को ‘बैण्ड-स्टैण्ड’ ही कहा जाता है। आजादी के बाद विक्टोरिया महारानी यहाँ से हटा दी गयी हैं जो अब संग्रहालय की शोभा बढ़ा रही हैं।

महारानी विक्टोरिया का चबूतरा थोड़ा सुस्ता लें..
बीता जमाना बैण्ड स्टैण्ड वाला घेरा
मैं तो डर गया डर हुआ काफूर
ध्यान-योग की कक्षा सूरज उग चुका है
विश्राम करते दादा जी लोग थक गया डैडी..!

उद्यान में एक तरफ कोई योगगुरू कुछ लोगों को ध्यान और योगासन सिखा रहे थे। कुछ लोग बिना गुरू के ही अपना अभ्यास कर रहे थे। कुछ कम-उम्र और हम‍-उम्र जोड़े भी अपनी बतकही में व्यस्त थे। हमने उधर ध्यान न देना ही उचित समझा और अपने साथ के बच्चों को फोटो खिंचाने के इधर से उधर ले जाता रहा। इसी उपक्रम में संयोग से एक रोचक स्नैप ऐसा भी क्लिक हो गया है।यह भी खूब रही......

औरतनुमा पुरुष जाते हुए और पुरुषनुमा महिला आती हुई’  इस तस्वीर में आ गयी है यह घर आने पर पता चला। यद्यपि टहलने वालों की भीड़ वापस लौट चुकी थी और `इतवारी’ टाइप कम ही लोग बचे रह गये थे लेकिन बच्चों ने घूम-घूमकर इतना मजा किया, और फोटू खिंचाने में इतना मशगूल रहे कि काफी देर तक बाहर गाड़ी में प्रतीक्षा करती मम्मी लोगों को इनकी खोज करने के लिए फॉलोवर को भेंजना पड़ा।

तन्दुरुस्ती हजारो नियामत है

मैने भी कैमरा समेटा और डाँटे जाने का मौका न देते हुए स्कूटर की ओर बढ़ लिया।  चलते चलते एक मोटे से पेंड़ में लटके बहुश्रुत संदेश की फोटू भी कैमरे में कैद कर ली। इस परिसर को किसी ने इलाहाबाद का फेफ़ड़ा कहा था जहाँ शुद्ध ऑक्सीजन की आपूर्ति लेने दूर दूर से लोग आते हैं। आप भी इसे देखिए और अपनी अगली इलाहाबाद यात्रा पर इस परिसर के लिए कम से कम एक दिन जरूर रखिए। धन्यवाद।

(सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी)

Friday, October 30, 2009

इलाहाबाद की राष्ट्रीय संगोष्ठी के बाद...

यह पोस्ट सातवें आसमान से लिख रहा हूँ... कारण है आप सभी की जोरदार, शोरदार और बेजोड़दार प्रतिक्रियाओं की सतत्‌ श्रृंखला। वाह, मुझे तो उड़न तश्तरी होने का इल्म हो रहा है... (आदरणीय समीर जी क्षमा याचना सहित)

श्री विभूति नारायण राय जी से २३ अगस्त २००९ को मेरी प्रथम मुलाकात हुई, नितान्त अनौपचारिक और व्यक्तिगत। सत्यार्थमित्र पुस्तक भेंट करने और हिन्दी विश्वविद्यालय द्वारा हिन्दी भाषा और साहित्य से सम्बन्धित पाठ्येत्तर गतिविधियों के सम्बन्ध में कुछ चर्चा कर अपने को अद्यतन कर लेना  ही मेरा उद्देश्य था।

राय साहब ने मेरी पुस्तक पर प्रसन्नता जाहिर की और तत्क्षण ही अपने लैपटॉप पर हिन्दुस्तानी एकेडेमी और सत्यार्थमित्र के ब्लॉग पर विहंगम दृष्टि डालने के बाद अपने विश्वविद्यालय की साइट के दर्शन भी कराये। हिन्दी साहित्य के एक लाख पृष्ठों को नेट पर चढ़ाने की परियोजना के बारे में बताया। मैने भी उन्हें बताया कि पिछली मई में हमने इलाहाबाद वि.वि. के निराला सभागार में एक ब्लॉगिंग की कार्यशाला करायी थी जिसमें इन्टरनेट पर ब्लॉग लेखन के माध्यम से हिन्दी के बढ़ते कदमों की चर्चा की गयी थी। उन्होंने उस कार्यशाला सम्बन्धी पोस्ट के लिंक पर जाकर उसे देखा और उसके बाद उन्होंने मुझसे जो प्रस्ताव रखा उससे मैं सकते में आ गया था-

“इलाहाबाद में हिन्दी ब्लॉगों के बारे में एक राष्ट्रीय स्तर के सेमिनार का आयोजन जिसमें देश के सबसे अच्छे ब्लॉगर्स को बुलाकर इस माध्यम पर दो दिन की चर्चा कराई जाय।” संगोष्ठी स्मृति भेंट

उसके बाद अबतक जो-जो हुआ है वह इतिहास बनता जा रहा है। राय साहब और नामवर जी की व्यस्तता के कारण तिथियों को आगे सरकाए जाने की मजबूरी हो या बर्धा से इलाहाबाद की दूरी और नेट पर सम्पर्क का अभाव रहा हो, विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ इस नवीन माध्यम पर की जा रही संगोष्ठी के बारे में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की जटिल प्रक्रिया रही हो या मेरे मन में उत्साह और सदाशय का प्राचुर्य और अनुभव की न्यूनता रही हो; इन सभी दिक्कतों और खूबियों-खामियों के बावजूद यह संगोष्ठी जिस रूप में सम्पन्न हुई उससे मेरा मन बल्लियों उछल रहा है। अब प्रायः सभी मान रहे हैं कि यह संगोष्ठी अबतक का सबसे बड़ा आयोजन साबित हुई है।

मेरी अप्रतिम प्रसन्नता मात्र इसलिए नहीं कि हिन्दुस्तानी एकेडेमी द्वारा प्रकाशित मेरी पुस्तक का विमोचन नामवर जी के हाथों होने का जुगाड़ हो गया, वह कार्य तो एकेडेमी पहले भी कराती रही है; बल्कि मैं तो इसलिए अभिभूत हूँ कि मात्र डेढ़ साल पहले बिल्कुल नौसिखिया बनकर इस माध्यम से जुड़ने के बाद मुझे ऐसे अवसर और समर्थन मिलने लगे कि इस माध्यम को व्यक्तिगत कम्प्यूटर कक्षों से बाहर निकालकर  अखबारी सुर्खियाँ बनाने, सभागारों में चर्चा का विषय बनाने, पारम्परिक साहित्य के प्रिण्ट माध्यम से इसे विधिवत जोड़ने के जो प्रयास हो रहे हैं उसमें एक माध्यम मैं भी बन गया। इतना ही नहीं, अन्ततः हिन्दी जगत के शिखर पर विराजने वाले एक ख्यातिनाम हस्ताक्षर को जब इस माध्यम पर गम्भीरता से मनन करने और अपनी राय बदलने या अपडेट करने पर मजबूर होना पड़ा तो मैं इस ऐतिहासिक घटना का न सिर्फ़ प्रत्यक्षदर्शी बना  बल्कि उस हृदय परिवर्तन के प्राकट्य का एक संवाहक भी हो लिया।

मैं इस जोड़-घटाने में कभी नहीं पड़ने वाला कि मुझे इस बात की कितनी क्रेडिट दी गयी है या दी जाती है, लेकिन पिछले एक सप्ताह से जो कुछ घटित हो रहा है उसे देखकर मुझे असीम आनन्द, तृप्ति और आत्मसंतुष्टि ने घेर रखा है। आत्ममुग्ध हो गया हूँ मैं। ...अब इससे किसी विघ्नसंतोषी का दिल बैठा जा रहा हो तो मैं क्या कर सकता हूँ? चुपचाप काम निबटाने के बाद ब्लॉग उदधि में उठने वाली ऊँची तरंगों को सुरक्षित दूरी बनाकर शान्ति और कौतूहल के मिश्रित भाव से देखने और मुक्त भाव से उनमें मानसिक गोता लगाने का जो सुख मुझे मिला है वह जीवन भर सँजो कर रखना चाहूंगा।

मेरे वरिष्ठ मित्रों और आदरणीय अग्रजों ने जो स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद दिया उससे मुझे आगे बढ़ने का उत्साह मिला। असीम ऊर्जा मिली। (एक अदना सा ‘धन्यवाद’ देकर मैं उस ऋण से उऋण नहीं हो सकता।) लेकिन जिन लोगों ने पूरी शक्ति लगाकर इस संगोष्ठी का छिद्रान्वेषण किया, अनेक कमियों को ढूँढकर  बताया, और बड़े-बुजुर्गों की ऊटपटांग आलोचना की उससे मेरे मन को कुछ ज्यादा मजबूती मिली। अब मुझे विश्वास हो गया है कि किसी अच्छे और बड़े कार्य के लिए आपके पास बहुत लम्बा अनुभव होना या अधिक उम्र का होना बहुत जरूरी नहीं है। यह कोई गारण्टी नहीं देता। अराजकता, अविवेक, अहमन्यता, अधीरता, अति भावुकता और अनाड़ीपन का प्रकोप वहाँ भी हो सकता है। ऐसा बोध कराने के लिए उन सबको तहेदिल से शुक्रिया...।

हिन्दी ब्लॉग-जगत में मेरी छोटी सी यात्रा को पुस्तक के रूप में प्रकाशित करने का निर्णय हिन्दुस्तानी एकेडेमी के सचिव द्वारा जिन उद्देश्यों से किया गया था उसे उन्होने पुस्तक के प्रकाशकीय में स्पष्ट किया है। इसके औचित्य पर प्रश्न उठाने वालों को पुस्तक खरीदकर पढ़नी चाहिए और तभी कोई राय बनानी चाहिए। मैं तो बड़ी विनम्रता से हिन्दुस्तानी एकेडेमी के उच्चाधिकारियों से लेकर अपने आस-पास के आम लोगों को जो मेरी विचार भूमि में बीज समान अंकुरित होते रहे हैं; और घर-परिवार से लेकर इस ब्लॉग-परिवार के सुधीजनों के प्रति हृदय से कृतज्ञता व्यक्त कर चुका हूँ जिनका इस पुस्तक के निर्माण में प्रत्यक्ष या परोक्ष किसी भी प्रकार का योगदान है। एक बार खरीदकर पढ़िए तो सही...।

आप सोच रहे होंगे कि मैं फिरसे विज्ञापन करने लगा...। तो जरूर सोचिए क्योंकि मैं ऐसा ही कुछ कर रहा हूँ और मैं ऐसा करना बुरा नहीं मानता। पुस्तकों का बाजार कितना कमजोर और उपेक्षित है इसका जिक्र अनेकशः कर चुका हूँ। आगे भी इस चिन्ता को जाहिर करता रहूंगा और पुस्तकों के प्रति लोगों में प्रेम भाव जागृत करने के लिए जो बन पड़ेगा वह भी करता ही रहूंगा...।

संगोष्ठी समाप्त होने के बाद मैने सब काम छोड़कर अन्तर्जाल पर पोस्ट के रूप में आने वाली प्रतिक्रियाओं को टिप्पणियों-प्रतिटिप्पणियों  को पढ़ता रहा, मुझे अपनी ओर से किसी सफाई की जरूरत नहीं पड़ी। (एक जगह केवल यह बताना पड़ा कि नामवर जी उस वि.वि. के कुलाधिपति हैं।) इतने समझदार और जानकार लोग इस मंच को आलोकित कर रहे हैं कि सबकुछ शीशे की तरह साफ होता चला गया। कल समीर जी ने जब पुल के उस पार से इलाहाबाद का दर्शन किया तो हठात्‌ मेरे भावों को निरूपित करती कविता निकल पड़ी-

मैं इसलिये हाशिये पर हूँ क्यूँकि

मैं बस मौन रहा और

उनके कृत्यों पर

मंद मंद मुस्कराता रहा!!

-समीर लाल ’समीर’

 

इस मौन ने मुझे ऐसा घेरा कि इस गोष्ठी की अनेक यादगार तस्वीरें आपको दिखाना भूल गया। आज कुछ ऐसे चेहरे लगा रहा हूँ जिन्हें नये-पुराने सभी ब्लॉगर देखना चाहेंगे। कोई मानक क्रम निर्धारित नहीं किया है, बस एलबम से जो जहाँ मिला वहीं से उठा लिया है:

वी.एन.राय प्रो.नामवर सिंह राकेश जी, OSD
अनूप जी ‘फुरसतिया’  प्रियंकर जी.. रवि रतलामी
सिद्धार्थ ‘सत्यार्थमित्र’ हर्षवर्धन त्रिपाठी  अजित बडनेरकर
गिरिजेश राव विनीत कुमार विजेन्द्र चौहान ‘मसिजीवी’
अफ़लातून भूपेन सिंह इरफान
संजय तिवारी ‘विस्फोट’  यशवन्त ‘भड़ासी’ अविनाश ‘मोहल्ला’
हेमन्त कुमार डॉ. अरविन्द मिश्र हिमांशु पाण्डेय
 वर्धा की शोध छात्रा मीनू खरे  मनीषा पांडेय
समरेन्द्र ‘मोहल्ला’ वाले अखिलेश मिश्र ‘बोधिसत्व’ ज़ाकिर अली ‘रजनीश’

इस मौके पर कुछ महारथियों ने अपने ‘लोटपोट’ के साथ त्वरित पोस्ट ठेलने का काम किया और अभय तिवारी की लघु फिल्म सरपत का प्रदर्शन भी हुआ। बेहद उम्दा फिल्म है। जरूर देखने लायक।

त्वरित प्रसारण

चिट्ठाकारी की दुनिया में ‘सरपत’

 लघु फिल्म ‘सरपत’ का प्रसारण अन्त में इतना ही कि २३-२४ अक्टूबर के बाद हिन्दी चिठ्ठाकारी की दुनिया में कुछ नयी बातें होने लगी हैं। मैं यही महसूस कर रहा हूँ कि भविष्य में भी ऐसा कोई आयोजन करने का अवसर मिले तो मैं दुबारा लग जाऊंगा।

(सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी)

 

Saturday, October 17, 2009

इलाहाबाद की राष्ट्रीय ब्लॉगर गोष्ठी से पहले...

 

(१)

भाव हमारे शब्द उधार के...

पाँच दिनों की ट्रेनिंग पूरी करके लखनऊ से इलाहाबाद लौटा हूँ। पत्नी और बच्चे बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे थे। दीपावली की छुट्टी मनाने मेरे दो भाई भी अपने-अपने हॉस्टेल से आ चुके थे। घर में एक जन्मदिन भी था। लेकिन मुझे इसकी खुशी मनाने के लिए कोई उपहार खरीदने या अन्य तैयारी का कोई समय नहीं मिल पाया था। बस रात के नौ बजे तक घर पहुँच जाना ही मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि रही। रिक्शे से उतरकर सबसे पहले पड़ोसी के लॉन से गुलाब के फूल माँग लाया और घर में प्रवेश करते ही उन्ही फूलों को पेश करते हुए  यह उधार का शेर सुना डाला-

तमाम उम्र तुम्हें जिन्दगी का प्यार मिले।

खु़दा करे ये खुशी तुमको बार-बार मिले॥

“हैप्पी बड्डे” का काम पूरा हो लिया था। तभी मेरे एक दोस्त ने चार खूबसूरत लाइनें बता दीं। तड़ से मैने एक सुनहले कार्ड पर उन्हें लिखा और चुपके से वहाँ रख दिया जहाँ उनकी नजर जल्दी से पहुँच जाय-

चन्द मासूम अदाओं के सिवा कुछ भी नहीं।
महकी-महकी सी हवाओं के सिवा कुछ भी नहीं॥
आज के प्यार भरे दिन पे तुम्हें देने को,
पास में मेरे दुआओं के सिवा कुछ भी नहीं।

फिर क्या था। आनन्द आ गया। भाव जम गया था। मेरी भावनाएं पूरी तरह से संचारित हो गयीं। दोनो तरफ़ सन्तुष्टि का भाव था। मेरे मन को बहुत तसल्ली मिल गयी और कुछ न कर पाने का मलाल थोड़ा मद्धिम हुआ।

(२)

कहानी कुछ यूँ पलटी:

अब मैं अगली चिन्ता की ओर से बरबस मोड़े हुए मन को दुबारा उस ओर ले जाने का उपक्रम करने लगा। कम्प्यूटर पर बैठकर आगामी कार्यक्रम की तैयारियों की प्रगति समीक्षा के उद्देश्य से मेलबॉक्स चेक करना था। कार्यक्रम के संयोजक श्री सन्तोष भदौरिया जी से बात करनी थी। अपने छोटे भाइयों से कम्प्यूटर तकनीक पर कुछ नया सीखना था, और अपने ब्लॉग पर एक नयी पोस्ट लिखने का मन भी था।

राष्ट्रीय सेमिनार के आयोजन में हमारे चिठ्ठाकार बन्धुओं ने जिस उत्साह और सौजन्यता से प्रतिभाग करने हेतु अपनी सहमति भेंजी है उसका धन्यवाद ज्ञापन भी करना था और ज्योतिपर्व दीपावली की शुभकामनाएं भी प्रेषित करनी थीं। इन सभी कार्यों पर एक के बाद एक ध्यान दौड़ाता रहा, लेकिन एकाग्र नहीं हो सका।

तभी एक जबरदस्त तुकबन्दी मेरे कानों से टकरायी। मेरी गृहिणी को यह सब अच्छा नहीं लग रहा था। उन्हें मुझसे शिकायत हो ली थी और वह तुकबन्दी उसी का बयान कर रही थी।

मैने पीछे मुड़कर पूछा, “इसके आगे भी कुछ जोड़ोगी कि यहीं अटकी रहोगी?”

“इसके आगे आप जोड़िए... मेरे भाव से तो आप भली भाँति परिचित हैं ही। ...मैं चली सोने।” यह कहकर वो सही में चली गयीं।

अब मेरा सारा प्रोग्राम चौपट हो गया। पत्नी का आदेश पालन करना अपना धर्म समझते हुए मैने उस दो लाइन की तुकबन्दी को यथावत्‌ रखते हुए आगे की पंक्तियाँ जोड़ डाली हैं। इनमें व्यक्त भावों का कॉपीराइट मेरा नहीं है और इनसे मेरा सहमत होना भी जरूरी नहीं है। अस्तु...।

(३)

भाव तुम्हारे शब्द हमारे...

सोच रही हूँ, काश! मैं कम्प्यूटर होती।

तब अपने पतिदेव के दिल के भीतर होती॥

 

मैं सहचरी नहीं रह पायी अब उनकी जी।

इस निशिचर ने चुरा लिया है अब उनका जी॥

घर में मुझसे अधिक समय उसको देते हैं।

आते ही अब हाल-चाल उसका लेते हैं॥

चिन्ता नहीं उन्हें मेरी जो ना घर होती।

सोच रही हूँ, काश! मैं कम्प्यूटर होती....

 

सुबह शाम औ दिन रातें बस एक तपस्या।

नहीं दीखती घर में कोई अन्य समस्या॥

बतियाना औ हँसना, गाना कम्प्यूटर से।

रूठ जाय तो उसे मनाना है जी भर के॥

चिन्ता नहीं उन्हें चाहे मैं ठनकर रोती।

सोच रही हूँ, काश! मैं कम्प्यूटर होती॥

 

घर की दुनिया भले प्रतीक्षा कर ले भाई।

कम्प्यूटर की दुनिया की जमती प्रभुताई॥

‘घर का मेल’ बने, बिगड़े या पटरी छोड़े।

पर ‘ई-मेल’ बॉक्स खुलकर नित सरपट दौड़े।

वैसी अपलक दृष्टि कभी ना मुझपर होती।

सोच रही हूँ, काश! मैं कम्प्यूटर होती॥

 

शादी के अरमान सुनहरे धरे रह गये।

‘दो जिस्म मगर एक जान’ ख़तों में भरे रह गये॥

कम्प्यूटर ने श्रीमन्‌ की गलबहिंयाँ ले ली।

दो बच्चों की देखभाल, मैं निपट अकेली॥

लगे डाह सौतन को इच्छा जीभर होती।

सोच रही हूँ, काश! मैं कम्प्यूटर होती॥

 

(४)

शुभकामनाएं

image

आप सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। सपरिवार सानन्द रहें। पति-पत्नी और बच्चों को महालक्ष्मी जी अपार खुशियाँ दें। सभी राजी खुशी रहें। हमपर भी देवी-देवता ऐसे ही प्रसन्न रहें, इसकी दुआ कीजिए। २३-२४ अक्टूबर को ब्लॉगर महाकुम्भ में यहाँ या वहाँ आप सबसे मुलाकात होगी ही।

!!!जय हो लक्ष्मी म‍इया की!!!

(सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी)